हाई स्कूल में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की मौत, विधायक ने परिजनों को दी पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

हाई स्कूल में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की मौत, विधायक ने परिजनों को दी पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता

धनबाद, 25 जुलाई : जिला अंतर्गत तोपचांची थाना क्षेत्र के साहुबहियार स्थित सेंट थॉमस हाई स्कूल में शनिवार सुबह सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तबियत बिगड़ने के बाद सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान तोपचांची के बाउरी टोला निवासी राम प्रसाद बाउरी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम प्रसाद बाउरी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार सुबह स्कूल में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे गिर पड़े। आनन फानन में स्कूल प्रबंधन ने उन्हें तत्काल साहुबहियार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर तोपचांची पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, घटना की जानकारी प्राप्त होने पर टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा सांत्वना देते हुए पारिवारिक सहायता के रूप में पांच लाख रुपये का चेक परिजनों को सौंपा। इसके अलावा विधायक ने शव के अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रुपये नकद राशि के रूप में आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक ने आगे भी परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने राम प्रसाद बाउरी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।

Share This Article