प्रकट होगी परि और करेगी धनवर्षा…….तांत्रिक की हत्या का 24 घंटे में खुलासा 

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रांची, 24 जुलाई : सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर खोरहा टोली में 22 जुलाई की मध्य रात्रि हुई तथाकथित तांत्रिक की हत्या का रांची पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मृतक से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक रमेश ठाकुर ओझा-गुनी (तांत्रिक) का काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह युवकों को परि प्रकट होने तथा धन वर्षा कराने का प्रलोभन देकर कथित तांत्रिक प्रक्रियाएं करवाता था। साथ ही उसके खिलाफ युवकों के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के भी आरोप सामने आए हैं।

जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार तीनों आरोपी लंबे समय से धन वर्षा होने की उम्मीद में कथित तांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन कर रहे थे। काफी समय बीत जाने के बावजूद उनकी अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं, जिसके बाद तीनों ने योजना बनाकर तांत्रिक की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मृतक के शरीर पर पहने आभूषण लेकर फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त खून लगा पिलाश, मृतक के लूटे गए रोल्ड गोल्ड के आभूषण (एक मोटी चेन, एक ब्रेसलेट, चार अंगूठियां, एक कड़ा और एक जोड़ी कानबाली), घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि मृतक रमेश ठाकुर भोलेभाले युवाओं को अपना शिकार बनाता था। वह अपने घर में युवकों को बुलाकर परि प्रकट होने तथा परि द्वारा धनवर्षा होने का प्रलोभन देकर कथित तांत्रिक क्रियाओं को करवाता था। उस दौरान अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाता था। हत्या के तीनों आरोपी भी मृतक का शिकार बना था लेकिन जब लंबे समय तक आरोपियों को दिखाया गया सपना पूरा नहीं हुआ तो तथाकथित तांत्रिक की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने सबसे पहले गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया था, जिसमें सफल नहीं हुआ तो पिलाश (लोहे की औजार) से ठोंककर जान ले ली।

Share This Article