जमशेदपुर में दिल्ली युवा संसद मार्च के समर्थन में नागरिक सभा, पुलिस कार्रवाई की निंदा
जमशेदपुर, 20 जुलाई : साझा नागरिक मंच, जमशेदपुर की ओर से सोमवार को साकची गोलचक्कर स्थित बिरसा चौक पर दिल्ली में आयोजित युवा संसद मार्च के समर्थन में धरना एवं नागरिक सभा का आयोजन किया गया। सभा में केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में पेपर लीक, परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितताओं से छात्र-युवा वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और कथित भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ देशभर के युवाओं में आक्रोश है।
वक्ताओं ने पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हिरासत में लिए जाने और आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
साझा नागरिक मंच ने दावा किया कि दिल्ली में आयोजित आंदोलन को विभिन्न विपक्षी दलों का समर्थन मिल रहा है और देशभर में इसके प्रति जनसमर्थन बढ़ रहा है। मंच ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं का सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय छात्रों पर पड़ रहा है।
सभा में सियाशरण शर्मा, सुजय राय, सुमित राय, रामकवीन्द्र सिंह, मंथन, अशोक शुभदर्शी, सुखचन्द्र झा, काशीनाथ प्रजापति, देवाशीष मुखर्जी, जगनारायण जगत, वरुण प्रभात, तौहीद्दुल हसन, मोहम्मद शाहिद, जसवंत सिंह, हीरा सिंह, निधि, राजश्री, चिन्मयी मंडल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
अंत में साझा नागरिक मंच ने आंदोलन की मांगों का समर्थन करते हुए छात्रों और युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की।