नीमडीह में एसएम स्टील पर गंभीर आरोप, जमीन खरीद में अनियमितता के दावे – ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह में एसएम स्टील पर गंभीर आरोप, जमीन खरीद में अनियमितता के दावे – ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

नीमडीह, 20 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह अंचल अंतर्गत आदारडीह समेत पांच मौजा में प्रस्तावित एसएम स्टील प्लांट के लिए हुई भूमि खरीद को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर जमीन खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का दावा है कि कंपनी ने शुरुआत में किसानों से 10 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से जमीन खरीदनी शुरू की। बाद में यह दर 15 लाख रुपये और अंततः अधिकतम 20 लाख रुपये प्रति एकड़ तक पहुंची। आरोप है कि किसानों को अधिकतम 20 लाख रुपये प्रति एकड़ का भुगतान किए जाने के बावजूद रजिस्ट्री (सेल डीड) में 44 लाख रुपये प्रति एकड़ मूल्य अंकित कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह आरोप सही है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भूमि खरीद प्रक्रिया में कथित दलालों की सक्रिय भूमिका रही। उनका दावा है कि ऐसे लोग किसानों और कंपनी प्रबंधन के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं, जिनकी न तो स्वयं जमीन अधिग्रहित हुई है और न ही वे नीमडीह क्षेत्र के निवासी हैं। कुछ ग्रामीणों ने कथित रूप से जमीन बेचने के लिए दबाव बनाने और धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

उल्लेखनीय है कि एसएम स्टील प्रबंधन ने भूमि अधिग्रहण के दौरान प्रभावित परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार, ठेका कार्य तथा सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का आश्वासन दिया था। हालांकि, अब कई ग्रामीण कंपनी पर वादाखिलाफी के आरोप भी लगा रहे हैं और लगातार बैठकें कर अपनी नाराजगी जता रहे हैं।

हालांकि, इन आरोपों पर एसएम स्टील कंपनी का आधिकारिक पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है। कंपनी की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Share This Article