अपहरण के दो आरोपी थार के साथ गिरफ्तार
जमशेदपुर, 18 जुलाई : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने कोर्ट परिसर के पास हुए युवक के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि 15 जुलाई को जमशेदपुर कोर्ट के समीप से सुशील डे नामक युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने उसी दिन अपहृत युवक सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए आज पुलिस ने मामले के दो नामजद आरोपी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोनी मोहंती का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़ और पोक्सो समेत एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस अपहरण कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस पूरी कार्रवाई को सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया गया।