पूर्वी सिंहभूम में SIR-2026 अभियान को मिली बड़ी सफलता, दूधकुंडी मतदान केंद्र पर गणना प्रपत्रों का 100% डिजिटाइजेशन पूरा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पूर्वी सिंहभूम में SIR-2026 अभियान को मिली बड़ी सफलता, दूधकुंडी मतदान केंद्र पर गणना प्रपत्रों का 100% डिजिटाइजेशन पूरा

जमशेदपुर, 15 जुलाई :पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दूधकुंडी स्थित मतदान केंद्र संख्या-254 पर गणना प्रपत्रों (Enumeration Form) का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, इस मतदान केंद्र के कुल 544 मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का वितरण कर 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया गया। इनमें से 515 गणना प्रपत्र मतदाताओं से प्राप्त हुए, जिनका डिजिटाइजेशन किया गया। शेष 29 प्रपत्र ASDD से संबंधित थे, जिनकी प्रक्रिया पूरी कर मतदान केंद्र पर 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य भी हासिल कर लिया गया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित बीएलओ बसंती मांडी को बधाई देते हुए उनके समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ की सक्रिय भूमिका और जनसहभागिता से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को नई गति मिल रही है। साथ ही उन्होंने अन्य बीएलओ से भी इसी तरह शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को निर्देश दिया कि शेष गणना प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटाइजेशन शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना और सभी प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article