शहीद निर्मल महतो इंटर कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को विधायक सविता महतो ने किया सम्मानित, छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
नीमडीह, 14 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत शहीद निर्मल महतो इंटर कॉलेज, दुमदुमी में वर्ष 2026 की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक सविता महतो ने सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। विधायक के हाथों ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
यहां जेआईएस फाउंडेशन, चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में विधायक सविता महतो बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित थीं। मौके पर विधायक ने छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज का मूल आधार है, शिक्षा के बिना एक सशक्त समाज की कल्पना संभव नहीं है। शिक्षा से ही मनुष्य के जीवन में अनुशासन, शिष्टाचार और आचरण निर्माण होता है। शिक्षा ग्रहण कर हम गुण और अवगुण की भिन्नता और परिणाम को जान पाते हैं।
इस अवसर पर जेआईएस फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन भी किया गया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा तथा अल्पकालीन व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें कौशल आधारित शिक्षा अपनाकर भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।