आदित्यपुर – कांड्रा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
आदित्यपुर, 08 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर – कांड्रा मुख्य मार्ग पर निर्मल पैड (लाल बिल्डिंग) के समीप बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या MH12LT8538 ने बाइक संख्या JH05DN3281 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से थी कि बाइक पर सवार निसार और रिहान दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक सरायकेला खरसावां जिले के कपाली – इस्लामनगर का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों फॉल सीलिंग का कार्य करते थे और काम समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों के आक्रोश के कारण कुछ समय तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने समझाकर सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।