सरायकेला नियोजनालय के रोजगार शिविर में 25 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 20 जून : जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में शनिवार को रोजगार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं का चयन किया गया। शिविर में टैलेंटनेक्सा सर्विसेज लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन, एके इंटरप्राइजेज, पनिहारी इंटरप्राइजेज एवं यूनिक सॉल्यूशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि ट्रेनी, मिग वेल्डर, गैस वेल्डर, फिटर, फैब्रिकेटर, मशीन ऑपरेटर, सुपरवाइजर, रिगर, ग्राइंडर, आर्क वेल्डर, ऑफिस असिस्टेंट एवं टेलीकॉलर समेत विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया के बाद सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात एवं चेन्नई में नियुक्ति हेतु 25 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।

उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियोजनालय द्वारा समय-समय पर रोजगार शिविर और रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने युवाओं से नियोजनालय में निबंधन कराने तथा आगामी रोजगार शिविरों में भाग लेने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि नियोजनालय के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सेवाएं एवं रोजगार शिविर पूरी तरह निःशुल्क हैं।

शिविर के सफल संचालन में वाईपी (मॉडल कैरियर सेंटर) रवि प्रकाश सिंह, सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार सहित अन्य कर्मियों एवं संबंधित कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article