राजनगर के कुमडीह में पेपर प्लेट निर्माण इकाई शुरू, 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार
सरायकेला, 17 जून : जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत कुमडीह गांव में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। नाबार्ड के लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (एलईडीपी) के तहत स्थापित इस इकाई में दो पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह 100 प्रतिशत अनुदान आधारित परियोजना झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (जेटीडीएस) के डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित की जा रही है।
उद्घाटन समारोह में जेटीडीएस के राज्य परियोजना निदेशक विजय सिंह बिरूवा, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक विजय सिंह बिरूवा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में ऐसे उद्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा ने महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, उद्यम प्रबंधन तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उद्यम के विपणन और विस्तार में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परियोजना के तहत महिलाओं को आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण के बाद स्थापित इन मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेपर प्लेट एवं दोना का उत्पादन किया जाएगा। इससे लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार और आजीविका के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए जल्द ही 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को मजबूत बनाने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में डीपीएम नीरज नयन सहित जेटीडीएस के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।