22 दिवसीय सफाई अभियान का समापन, ‘स्वच्छ सरायकेला-हरित सरायकेला’ का लिया संकल्प
सरायकेला, 05 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला द्वारा संचालित 22 दिवसीय सघन सफाई अभियान का समापन वार्ड संख्या-11 स्थित रिवरव्यू पार्क (छऊ पार्क) में पौधारोपण कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की।
इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद गौतम नायक, अंजली राय, ज्योति साहू, विक्रम सिंह मोदक, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, महेश जारिका, स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर चांदनी मिंज समेत जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, सफाई कर्मी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पिछले 22 दिनों में नगर पंचायत, जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए। अभियान के दौरान वर्षों से जमा कचरे की सफाई, नालों की सफाई तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास भी था। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी सफाई कर्मियों, वार्ड पार्षदों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का आभार जताया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने और स्वच्छता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ‘स्वच्छ सरायकेला-हरित सरायकेला’ के निर्माण का संकल्प लिया।