तेज रफ्तार का कहर : एनएच पर खड़े ट्रेलर में घुसी हाइवा, चालक-खलासी की मौत
चांडिल, 23 मई : राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बड़ामटांड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा चालक और उसके खलासी की मौत हो गई। हादसा बड़ामटांड के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े एक टिप ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाइवा का चालक और खलासी दोनों वाहन में ही फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे टाटा की ओर से रांची की ओर जा रही हाइवा (संख्या JH05AN4390) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। तेज आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की सूचना तत्काल चौका था को दी। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
स्थानीय युवाओं एवं जेसीबी मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नदीसाई, हुंडी के रहने वाले 25 वर्षीय गुरुपद महतो और नीमडीह थाना क्षेत्र के केंदडीह निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र महतो के रूप में किया गया है।
पुलिस ने चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित किए जाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच 33 पर उक्त स्थान पर हमेशा ट्रेलर खड़ी रहती है। सड़क किनारे कतार में ट्रेलर खड़े रहने के कारण आए दिन दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।