विधायक सरयू राय ने छह नए ई-रिक्शा कचरा संग्रहण वाहनों को दिखाई हरी झंडी
जमशेदपुर, 20 मई : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) क्षेत्र में विधायक सरयू राय ने छह नए ई-रिक्शा आधारित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये सभी वाहन विधायक निधि मद से खरीदे गए हैं। इनका उद्देश्य शहर के विभिन्न वार्डों में ठोस अपशिष्ट संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था के तहत अब संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में भी आसानी से कचरा संग्रहण किया जा सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल संसाधनों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा आधारित ये वाहन प्रदूषण मुक्त होने के साथ-साथ कम खर्चीले और उपयोगी भी हैं। इससे नगर निकाय की कार्यक्षमता बढ़ेगी और सफाई व्यवस्था में तेजी आएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा नगर निकाय की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छ शहर की परिकल्पना को साकार करना संभव नहीं है।
इस अवसर पर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, नगर निकाय के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नए वाहनों के शामिल होने से शहर में कचरा संग्रहण क्षमता बढ़ेगी और स्वच्छता अभियान को और मजबूती मिलेगी।