चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर स्थिति से लोग परेशान, उपायुक्त से लगाई मरम्मत की गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर स्थिति से लोग परेशान, उपायुक्त से लगाई मरम्मत की गुहार

चांडिल, 19 मई : चौका-कांड्रा टोल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर बाजार समिति चौका ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर शीघ्र सड़क मरम्मत कराने की मांग की है। समिति का कहना है कि पिछले एक वर्ष से यह सड़क अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में चौका बाजार समिति के द्वारा सांसद, विधायक एवं अनुमंडल पदाधिकारी को मेमोरेंडम दिया गया था। जिसपर कोई सुनवाई नहीं हुई।

इस संबंध में बाजार समिति के गुरुचरण साव ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण PPE मोड पर JARDCL कंपनी द्वारा किया गया है। सड़क की रखरखाव भी उक्त कंपनी द्वारा किया जाता है। बाजार समिति ने कहा कि कंपनी को कई बार सड़क मरम्मत के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। समिति ने उपायुक्त से विशेष ध्यान देकर अविलंब सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

आवेदन में बताया गया है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें अक्सर भारी वाहन फंस जाते हैं। दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है। खस्ताहाल सड़क के कारण कई बार सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल होते हैं। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से पूरे चौका बाजार में धूल फैल रही है, जिससे दुकानदारों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Share This Article