कपाली में बेखौफ बदमाश, पेट्रोल भरवाकर भागने की कोशिश – बाइक छोड़ फरार

Manbhum Updates
2 Min Read
जप्त बाइक

चांडिल, 28 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में बदमाशों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला सोमवार देर रात का है, जहां डोबो स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो युवकों ने पेट्रोल भरवाकर फरार होने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे एक पल्सर बाइक पर सवार दो युवक HLM ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पहुंचे और बाइक में पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरने के बाद दोनों बिना भुगतान किए बाइक समेत भागने लगे। हालांकि, पंप के सतर्क कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
घटना की सूचना तत्काल पंप मैनेजर को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों बदमाश मौका पाकर बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक (संख्या JH 05 EG – 8718) को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों और पेट्रोल पंप कर्मियों का कहना है कि कपाली क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बदमाश पेट्रोल पंप, होटल और दुकानों को निशाना बनाकर सामान लेने के बाद फरार हो जाते हैं। ऐसे में लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके।

Share This Article