सरायकेला, 27 अप्रैल : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ANC जांच, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ-शिशु मृत्यु दर, परिवार नियोजन, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया, कुष्ठ रोग नियंत्रण, अंधत्व निवारण, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य बीमा योजना सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत व अबुआ स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ते हुए योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। कम जन्म-वजन शिशुओं की समस्या को कम करने के लिए स्थानीय भाषा में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
कुपोषित बच्चों के उपचार को लेकर उपायुक्त ने विशेष रूप से MTC (Malnutrition Treatment Center) केंद्रों में समुचित देखभाल, बेड ऑक्यूपेंसी रोस्टर के पालन तथा बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने हेतु पर्याप्त खिलौनों व सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया व कुष्ठ रोग की पहचान के लिए नियमित जांच शिविर, पंचायत स्तर पर नेत्र जांच शिविर, कृमि मुक्ति अभियान के प्रभावी संचालन तथा छूटे हुए लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध उपकरणों के समुचित उपयोग, चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति और एंबुलेंस सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।