कपाली नगर परिषद में जनसमस्याओं को लेकर पार्षदों का प्रदर्शनात्मक संवाद, शीघ्र समाधान का भरोसा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 27 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद में सोमवार को जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता देखने को मिली। नगर परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू के नेतृत्व में सभी वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर कार्यपालक पदाधिकारी से मुलाकात की और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

इस दौरान पार्षदों ने बिजली आपूर्ति में अनियमितता, पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, नाली निर्माण एवं साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था जैसे मुद्दों को विस्तार से रखा। पार्षदों का कहना था कि इन बुनियादी समस्याओं के कारण आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इनका त्वरित समाधान आवश्यक है।

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन ने सभी पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि समस्याओं का क्रमबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने पार्षदों से यह भी आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं को उचित प्रक्रिया के तहत लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सिंह सरदार, खगेन चंद्र महतो, शेख फरीद समेत वार्ड पार्षद साधन मंडल, संतोष महतो, हिमांशु शेखर हेंब्रम, विक्की, इनामुल हक, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद नसीम, शीनू अंसारी और कालो अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article