हरियाणा में मृत मजदूरों के परिजनों को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने सौंपा 15-15लाख का चेक
चांडिल, 08 अप्रैल : बिगत दिनों हरियाणा के गुरुग्राम में ईचागढ़ और पोटका के आधा दर्जन श्रमिकों की मौत कार्य के दौरान हुए हादसे में हो गई थी। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को जानकारी मिलते ही गुरुग्राम जाकर पीड़ित परिवार वालों से मिले। उनकी पहल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रशासन ने संज्ञान लिया और सभी मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि व अन्य सरकारी सहायता देने का कार्य शुरू हुआ। उस समय मृतकों के परिवारजनों को 20-20 लाख रुपए का मुआवजा दिया गया था।
चेक और नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मंत्री संजय सेठ
बुधवार को सरायकेला-खरसावां प्रवास के क्रम में रांची लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ईचागढ़ और पोटका के 6 श्रमिकों के परिजन मधुमति महतो, रोहित महतो, मोचीराम गोप, झरना गोप, सुक्कु सिंह मुंडा, तपन कुमार महतो को सहायता का राशि के रूप में 15-15 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। इसके साथ ही दो परिवारों को जॉब हेतु ऑफर लेटर भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के श्रमिकों की मौत से उनके परिवारों पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार के सदस्य के कमी की भरपाई तो नहीं की जा सकती है, लेकिन उनके परिवार को जीवन यापन में कोई समस्या नहीं हो, इस हेतु हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से अबतक मृतकों के परिवार को लगभग 35 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके साथ ही डीबीटी के माध्यम से 10 दिनों के अंदर उनके अकाउंट में और 4 लाख रुपए मिल जाएंगे।