सरायकेला, 30 मार्च : जिला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए। वे सोमवार को समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, सोना–सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत, ई-केवाईसी, NFSA अंतर्गत वितरण, नमक वितरण एवं धान अधिप्राप्ति जैसे बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
उन्होंने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जिन क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या है, वहां विशेष शिविर लगाकर कार्य पूरा करने को कहा गया। लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले लाभुकों की जांच कर नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने तथा कम वितरण वाले डीलरों की जांच करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को लाभुकों से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नमक व अन्य सामग्रियों के लंबित वितरण को समय पर पूरा करने और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।