सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

गम्हरिया, 07 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देशानुसार बुधवार को परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में तथा गमहरिया थाना प्रभारी की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस दौरान टाटा स्टील ग्रोथ शॉप, गम्हरिया परिसर में अभियान का आयोजन कर लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों एवं आमजनों को सड़क सुरक्षा के नियमों, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग व नशे में वाहन न चलाने, तथा गुड सेमेरिटन कानून के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की सहायता करने वाले नागरिकों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने की अपील की गई और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सभी से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया।



