आयुष कैंप में 516 मरीजों की हुई जांच, ऑस्टियोआर्थराइटिस और बुजुर्गों को मिली निःशुल्क चिकित्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 07 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिला आयुष समिति की ओर से पोटका और जुगसलाई प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं बुजुर्गों के लिए व्योमित्र कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

पोटका प्रखंड के पोडाडीह पंचायत भवन एवं बड़ा सिगड़ी गांव तथा जुगसलाई प्रखंड के गोलपहाड़ी आंगनवाड़ी केंद्र और न्यू प्राथमिक विद्यालय कुमरुम बस्ती ग्राम में आयोजित शिविरों में कुल 252 ऑस्टियोआर्थराइटिस और 264 व्योमित्र मरीजों की चिकित्सा की गई।

कैंप में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी की निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अलावा ग्रामीणों के ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच भी की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने विभिन्न रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जानकारी दी।

ग्रामीणों को आसपास उपलब्ध औषधीय पौधों के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। वहीं, योग प्रशिक्षकों ने लोगों को निरोग रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योगाभ्यास कराया।

मौके पर जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकुल कुमार दीक्षित, डीपीएम आयुष डॉ. निशांत प्रिय, आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. बालाजी, डॉ. अलका कुमारी, डॉ. प्रियांशी, डॉ. सीमा सरकार, डॉ. देवराज मंडल, डॉ. सैयदा खानम, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. रीना कुमारी समेत योग प्रशिक्षक एवं सहिया उपस्थित रहीं।

Share This Article