जिला परिषद सदस्य के पति पर दबंगई और अवैध वसूली के आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से लगाई कार्रवाई की गुहार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जिला परिषद सदस्य के पति पर दबंगई और अवैध वसूली के आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से लगाई कार्रवाई की गुहार

जमशेदपुर/पोटका, 09 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत जिला परिषद क्षेत्र संख्या-11 में जिला परिषद सदस्य सविता सरदार के पति मनोज सरदार के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने मनोज सरदार पर सरकारी विकास कार्यों में कथित अनधिकृत हस्तक्षेप, कार्यों में बाधा डालने, अवैध वसूली तथा विरोध करने पर धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर करीब दो दर्जन ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, नाली, भवन, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्य चल रहे हैं। आरोप है कि जिला परिषद सदस्य के पति द्वारा बिना किसी वैधानिक अधिकार के शिलान्यास, उद्घाटन और सरकारी बैठकों में कथित तौर पर पदाधिकारी की तरह हस्तक्षेप किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, इस कारण विकास कार्यों के क्रियान्वयन में परेशानी उत्पन्न हो रही है।

अवैध वसूली और धमकी का लगाया आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों से जुड़े लोगों से कथित तौर पर अवैध रूप से राशि की मांग और वसूली की जाती है। विरोध करने पर धमकी देने तथा विरोध करने वाले ग्रामीणों को एससी/एसटी अधिनियम के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि इस कथित दबंगई के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने सरकारी बैठकों, शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में मनोज सरदार के हस्तक्षेप के अधिकार की भी जांच कराने की मांग की है।

निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर सरकारी योजनाओं में कथित अनधिकृत हस्तक्षेप, अवैध वसूली और धमकी के आरोपों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में करीब दो दर्जन ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। साथ ही झारखंड पंचायती राज अधिनियम, 2001 की धारा 67 तथा पंचायत राज विभाग के पत्रांक-1485, दिनांक 06 जून 2013 का हवाला देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

हालांकि, ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर जिला परिषद सदस्य सविता सरदार या उनके पति मनोज सरदार का पक्ष इस समाचार के तैयार होने तक सामने नहीं आया है।

Share This Article