सरायकेला की जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए ₹56.55 लाख स्वीकृत, नई पंप-मोटर लगेगी
सरायकेला, 09 अक्टूबर : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) में नई पंप-मोटर लगाने के लिए ₹56,55,446 की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने इस स्वीकृति के लिए उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि लगातार प्रयास और निगरानी के परिणामस्वरूप वर्षों पुरानी जलापूर्ति समस्या के समाधान का रास्ता खुला है। नई पंप-मोटर लगने से गर्मी के दिनों में मोटर जलने और कम मात्रा में पानी की आपूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सरायकेला की जनता पिछले तीन दशकों से बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करती रही है। वर्तमान नगर पंचायत बोर्ड के कार्यकाल में बिजली और पानी की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल की गई है। इसी क्रम में दीपावली से पहले शहर में 800 स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू हो चुका है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सभी वार्ड पार्षदों के सहयोग से शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि वर्षों से लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर एक-एक कर समाधान किया जाएगा।



