
विधानसभा में उठे जनहित के सवालों पर गंभीरता से कार्रवाई करें विभाग, सभापति सुरेश पासवान ने दिए निर्देश
जमशेदपुर, 03 नवंबर : झारखंड विधानसभा में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सवालों और उनके अनुपालन की स्थिति को लेकर मंगलवार को परिसदन, जमशेदपुर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रश्नों और उनके निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में सभापति ने विभागवार अधिकारियों से विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधानसभा में उठाए गए सवालों को महज औपचारिकता नहीं समझें, बल्कि उनसे जुड़े जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ अनुपालन प्रतिवेदन में वास्तविक और अद्यतन स्थिति स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
सभापति ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में उनके समाधान के प्रति विभागों की जवाबदेही और संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा कार्रवाई की नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रश्नों के अनुपालन की जानकारी समिति के समक्ष रखी। समीक्षा के बाद सभापति ने जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब रोकने और विधानसभा में दिए गए आश्वासनों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



