
मुंडा बहुल गांवों में भ्रमण कर प्रतिमाओं पर करेंगे माल्यार्पण, नुक्कड़ सभाओं से देंगे जागरूकता का संदेश
घाटशिला, 25 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला स्थित कुरकुटा डूंगरी, तामाकपाल में रविवार को आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति की बैठक हुई। बैठक में आगामी 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 200 बाइकों के साथ रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
समिति के मुख्य संरक्षक एवं धालभूमगढ़ के जिला परिषद सदस्य हेमंत मुंडा की अध्यक्षता में हुई बैठक में रैली की तैयारियों पर चर्चा की गई। तय किया गया कि युवा टीम के नेतृत्व में निकलने वाली रैली के दौरान प्रत्येक बाइक पर समाज को जागरूक करने वाले संदेश लिखी तख्तियां लगाई जाएंगी। रैली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह नौ बजे सुसनीगाड़िया गांव स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली शुरू होगी। इसके बाद एचसीएल गेट के सामने स्थित प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। रैली बागुला, तेतुलडांगा, घोड़ाधुआ, धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन, चोईरा, सामका और चोतरो होते हुए पानीजिया पहुंचेगी। यहां भोजन के बाद रैली बांकी, केंदो, जामबंद, युक्तिडीह, भादुआ और खरसती होते हुए कुरकुटा डूंगरी, तामाकपाल पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
रैली के दौरान विभिन्न मुंडा बहुल गांवों में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ नुक्कड़ सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें समाज के लोगों को उनके संघर्ष, विचारों और आदर्शों से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में कुरकुटा डूंगरी, तामाकपाल परिसर में भवन और तोरण द्वार निर्माण की मांग को लेकर 26 अक्टूबर को स्थानीय विधायक को आवेदन सौंपने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा समाज के लोगों के लिए रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी।