कुकड़ू–चौकेगड़िया चौक पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वार्ड सदस्य की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकडू, 24 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू–चौकेगड़िया चौक के पास शनिवार शाम करीब छह बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छोटा लापांग गांव के वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी जान चली गई। हादसे के बाद वाहन चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और शव उठाने का विरोध जताया। सूचना मिलने पर तिरुलडीह पुलिस मौके पर पहुंची।

इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस घटना में सबसे पहले दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करना और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाना जरूरी है। पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही थी।

इसके साथ ही, क्षेत्र में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

मनोरंजन महतो उर्फ मंटू की असामयिक मौत ने उनके परिवार को गहरा सदमा दिया है और पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Share This Article