जनता दरबार में चौकीदार बहाली से लेकर आंगनबाड़ी चयन तक की शिकायतें, उपायुक्त ने दिए जांच के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में चौकीदार बहाली से लेकर आंगनबाड़ी चयन तक की शिकायतें, उपायुक्त ने दिए जांच के निर्देश

सरायकेला, 23 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में चौकीदार बहाली, आंगनबाड़ी सेविका चयन में कथित अनियमितता, लंबित वेतन भुगतान और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे जैसे मामले सामने आए। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। इस दौरान चौकीदार बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई गई। वहीं, नीमडीह प्रखंड में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में अनियमितता और चौकीदारों के लंबित वेतन भुगतान से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

भुइयाडीह में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत

जनता दरबार में चांडिल प्रखंड के भुइयाडीह में सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला भी उठाया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला परिषद की भूमि से संबंधित मामले की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही, भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर भी आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक जांच पूरी की जाए और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना और शिकायतों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

Share This Article