कुकड़ू में आज सजेगा बंगला जात्रा का मंच, पांच मंचों पर कलाकार बिखेरेंगे अभिनय का जादू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पापांकुशा एकादशी पर सिरुम +2 उच्च विद्यालय मैदान में होगा भव्य आयोजन, ‘सीता के पाताल प्रवेश’ का दृश्य रहेगा मुख्य आकर्षण

कुकड़ू, 22 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत सिरुम में गुरुवार की रात बंगला जात्रा (ड्रामा) का भव्य आयोजन किया जाएगा। झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा एवं श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पापांकुशा एकादशी के पावन अवसर पर सिरुम +2 उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम रात आठ बजे से शुरू होगा।

इस आयोजन की खास विशेषता यह होगी कि कलाकार एक साथ अलग-अलग पांच मंचों पर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर की प्रसिद्ध ‘रातेर परी नृत्य झंकार’ टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में पौराणिक रामायण प्रसंग पर आधारित माता सीता के पाताल प्रवेश का दृश्य मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा आधुनिक बांग्ला, ओड़िया और हिंदी गीतों पर कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

आयोजकों के अनुसार, बंगला जात्रा के माध्यम से दर्शकों को पौराणिक प्रसंगों के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक रंगों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। क्षेत्र में इस तरह के आयोजन स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव का भी माध्यम बनते हैं।

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में पहुंचकर इसका आनंद लेने तथा आयोजन की सफलता एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Share This Article