चिलगु में शिकारी और कैलाश-शिवानी की जुगलबंदी ने बांधा समां, माता लगाएंगी सबका बेड़ा पार : हरेलाल महतो

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 18 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिलगु में दुर्गा पूजा के अवसर पर शनिवार रात श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय भाषा के प्रसिद्ध गायक शिकारी और कलाकार कैलाश जैक्शन व शिवानी जैक्शन की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कैलाश और शिवानी जैक्शन ने बांग्ला, खोरठा और नागपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, गायक शिकारी के गीतों पर भी श्रोता जमकर झूमे। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेता हरेलाल महतो ने किया। इस दौरान पूजा कमेटी की ओर से अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया।

मौके पर हरेलाल महतो ने सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सच्चे मन से माता की आराधना करें। माता रानी सभी का बेड़ा पार लगाएंगी। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र हिंदुओं के प्रमुख धार्मिक पर्वों में से एक है। सभी लोग उत्साह, श्रद्धा और आपसी एकजुटता के साथ पर्व का आनंद उठाएं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कामदेव दास, विवेकानंद गोप, विष्णु गोप, विश्वजीत लायक, मधुसूदन गोप, शिवचरण राजवार, राजेश गोप सहित कमेटी के सदस्य और अन्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article