साबुन से हाथ धोने की आदत से रुकेगा संक्रमण, सरायकेला जिले में बच्चों को किया गया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विश्व हाथ धुलाई दिवस पर स्कूलों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक चला अभियान, स्वच्छता अपनाने की दिलाई गई शपथ

सरायकेला, 15 अक्टूबर : बीमारियों से बचाव के लिए हाथों की स्वच्छता बेहद जरूरी है। साबुन से नियमित रूप से हाथ धोने की आदत कई संक्रामक बीमारियों के खतरे को कम कर सकती है। इसी संदेश के साथ गुरुवार को विश्व हाथ धुलाई दिवस पर सरायकेला-खरसावां जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला के तत्वावधान में जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं, आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित बच्चों और महिलाओं को हाथ धोने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि खाना खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना जरूरी है। इसके साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता के नियमों का पालन करने और नियमित रूप से हाथ साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

बच्चों को स्वच्छता की आदत अपनाने पर जोर

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया। उन्हें व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। अभियान का उद्देश्य लोगों को हाथों की सफाई के प्रति जागरूक करना और संक्रमण से बचाव के लिए व्यवहार में बदलाव लाना रहा।

इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक (आईईसी), विभिन्न प्रखंडों के वॉश समन्वयक, संबंधित पंचायतों के मुखिया, जलसहिया, शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं।

विभाग ने लोगों से अपील की कि हाथ धोने की आदत को केवल जागरूकता दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित स्वच्छता अपनाकर बीमारियों से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।

Share This Article