दुर्गापूजा में सफाई व्यवस्था बिगड़ी तो होगी कार्रवाई, पूजा पंडालों में पानी और डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

उपायुक्त ने नगर निकायों को दिए निर्देश, कचरा फैलाने वाले स्टॉल संचालकों पर लगेगा जुर्माना

 

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर : दुर्गापूजा के दौरान शहरों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और बेहतर कचरा प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के सभी नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें साफ-सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, विकास योजनाओं और दुर्गापूजा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों, गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से कचरा उठाने, उसका व्यवस्थित परिवहन करने तथा निर्धारित स्थलों पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कचरा डंपिंग जोन में भी साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

पूजा पंडालों के आसपास बढ़ेंगे सफाई कर्मी

दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उपायुक्त ने पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती करने और नियमित अंतराल पर कचरे का उठाव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कहीं भी कचरे का जमाव नहीं हो।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा पंडालों में आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

स्टॉल संचालकों को डस्टबिन रखना अनिवार्य

पूजा पंडालों के आसपास खानपान के स्टॉल लगाने वाले संचालकों को अपने स्टॉल पर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्टॉल संचालकों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और कचरा इधर-उधर फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में स्ट्रीट डॉग की समस्या पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित नगर निकायों को नियमानुसार लगातार अभियान चलाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा नगर निकायों में चल रही विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेन्द्र यादव, विभिन्न नगर निकायों के विशेष पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, अभियंता और अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article