14 दिनों में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कुकड़ू, 14 अक्टूबर : झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा एवं कुकडू प्रखंड वासियों के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड कार्यालय के समक्ष छह सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना के माध्यम से प्रखंड में स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और कृषि सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई की मांग की गई। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि 14 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

मोर्चा के अध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलन के अगुवा नेता रहे सुनील कुमार महतो ने कहा कि वर्ष 2009 में कुकड़ू प्रखंड का गठन हुआ था, लेकिन 16 वर्ष बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। प्रखंड कार्यालय में आवश्यक पदों का सृजन नहीं होने के कारण प्रतिनियुक्ति के सहारे कामकाज चलाया जा रहा है। वहीं, स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण भी क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल है।

मोर्चा की छह सूत्री मांगें

मोर्चा ने स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण, प्रखंड कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवश्यक पदों का सृजन, कोल्ड स्टोरेज का निर्माण, तिरुलडीह थाना का स्थानांतरण अथवा नए थाना की स्थापना, प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों एवं झारखंड आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति तथा पुरुष गार्ड की नियुक्ति की मांग की।

मोर्चा के अनुसार, धरना प्रदर्शन की लिखित सूचना पूर्व में संबंधित पदाधिकारियों को दी गई थी। इसके बावजूद शाम चार बजे तक कोई पदाधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर आंदोलनकारियों ने नाराजगी जताई और क्षेत्र की समस्याओं के प्रति प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठाए। बाद में चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे।

इस दौरान झारखंड के राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा गया। इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, संबंधित विभागों के मंत्रियों एवं मुख्य सचिवों को भी भेजी गई है।

मोर्चा ने बताया कि 14 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को फिलहाल स्थगित रखा गया है। हालांकि, मांगों पर 14 दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 27 अक्टूबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। मोर्चा के अध्यक्ष सुनील कुमार महतो ने आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, महिलाओं एवं समाजसेवियों के प्रति आभार जताया।

Share This Article