दुर्गा पूजा पंडालों का उपायुक्त और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा पंडालों का उपायुक्त और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

जमशेदपुर, 09 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। शुक्रवार को जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बारीडीह, एग्रिको, सिदगोड़ा, टुईलाडुंगरी, बर्मामाइंस, काशीडीह, सीएच एरिया, सोनारी और रानीकुदर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पूजा पंडालों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश और निकास मार्ग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई तथा पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए रास्ते खुले रखने को भी कहा गया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करने और विद्युत तारों को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने पूजा समितियों से समन्वय बनाकर काम करने, पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, नगर आयुक्त जेएनएसी, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, डीएसपी ट्रैफिक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी जारी रखने की बात कही।

Share This Article