सरायकेला में जयंती पर नगर पंचायत अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
सरायकेला, 09 अक्टूबर : उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की जयंती के अवसर पर सरायकेला स्थित गोपबंधु चौक पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने वार्ड पार्षदों के साथ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने गोपबंधु दास के त्याग, सेवा और समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक, शिक्षाविद् और जनसेवा के प्रतीक थे। ‘दरिद्रर सखा’ के नाम से प्रसिद्ध गोपबंधु दास ने अपना पूरा जीवन गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। ओडिशा के निर्माण आंदोलन, राष्ट्रवादी शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि गोपबंधु दास का जीवन सिखाता है कि सच्चे नेतृत्व की पहचान पद और प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि त्याग, संवेदनशीलता और जनसेवा से होती है। उनके आदर्शों पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियु, गौतम नायक और वरुण साहू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



