
पुरुलिया पुलिस ने सुरक्षा के बीच हरिणघाटा स्थित 143वीं बटालियन मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की
पुरुलिया, 09 अक्टूबर : पुरुलिया जिला पुलिस ने अस्थायी होल्डिंग सेंटर, रघुनाथपुर में रखे गए चार बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासन की आगे की प्रक्रिया के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले करने की कार्रवाई शुरू की है। बीएसएफ साउथ बंगाल फ्रंटियर के निर्देश पर चारों नागरिकों को शुक्रवार, 9 अक्टूबर को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के हरिणघाटा स्थित बीएसएफ की 143वीं बटालियन के मुख्यालय भेजा जा रहा है।
चारों बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मो. जाहिद इमोन, मो. तौहिद मंडल, शांतो हुसैन और सुमन शेख के रूप में हुई है। ये सभी रघुनाथपुर स्थित अस्थायी होल्डिंग सेंटर में रखे गए थे।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ साउथ बंगाल फ्रंटियर ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किया था। निर्देशों के अनुपालन में पुरुलिया जिला पुलिस द्वारा चारों नागरिकों को बीएसएफ अधिकारियों को औपचारिक रूप से सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
बीएसएफ मुख्यालय में हस्तांतरण की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार उनके निर्वासन की आगे की कार्रवाई की जाएगी।