18 बूथों पर एक भी प्रपत्र-6 नहीं, 671 मतदान केंद्रों पर पांच से कम आवेदन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

18 बूथों पर एक भी प्रपत्र-6 नहीं, 671 मतदान केंद्रों पर पांच से कम आवेदन

जमशेदपुर, 03 सितंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने प्रपत्र-6 के संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शून्य और कम प्रपत्र-6 प्राप्ति वाले मतदान केंद्रों के बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ बैठक हुई।

2 सितंबर को ECINET से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा में सामने आया कि जिले के 18 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी प्रपत्र-6 प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, 671 मतदान केंद्रों पर महज 1 से 5 प्रपत्र-6 ही प्राप्त या दर्ज किए गए हैं। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को प्रपत्र-6 के संग्रहण में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया।

बैठक में ‘एक परिवार-एक बूथ’ की अवधारणा पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र से संबद्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक घर में ‘Family Together’ स्टीकर लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि परिवार के पात्र मतदाताओं के नाम एक ही बूथ पर दर्ज होने की स्थिति सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 उपलब्ध कराने, आवेदन प्राप्त करने और SIR की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article