SIR-2026 को लेकर घाटशिला में दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का डीईओ ने किया निरीक्षण
जमशेदपुर/घाटशिला, 03 सितंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने घाटशिला प्रखंड अंतर्गत विभिन्न निर्धारित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं, प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित ईआरओ, एईआरओ और कर्मियों से दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह मौजूद रहीं।
इसके अलावा उपायुक्त ने होम टू रोल वेरिफिकेशन अभियान का भी जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में पहुंचकर मतदाताओं से सीधे संवाद किया और निर्वाचक सूची से संबंधित जानकारी लेकर जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का निष्पक्ष और सही सत्यापन सुनिश्चित हो।
उपायुक्त ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने और परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरण मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर निर्धारित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल पर आवेदन प्रस्तुत करें।



