NSK स्कूल में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी महोत्सव, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन
चांडिल, 02 सितंबर : NSK स्कूल, चांडिल के प्रांगण में बुधवार को जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और राधा-कृष्ण की भक्ति पर आधारित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो, पूर्व जिला परिषद ओम लायक एवं काबलू महतो उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. शिशिर चटर्जी सुब्रत चटर्जी, भगीरथ महतो तथा उप-प्रधानाध्यापक प्रियंका श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जन्माष्टमी के मौके पर विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। कक्षा 2 के बच्चों ने “मैया यशोदा तेरा कन्हैया” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि कक्षा 3 के विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नर्सरी, LKG, UKG और कक्षा 1 के नन्हे-मुन्नों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही। नर्सरी से 15, LKG से 20, UKG से 22 और कक्षा 1 से 10 बच्चों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। राधा-कृष्ण समेत विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
वहीं, कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म तथा कंस वध पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। कक्षा 8 एवं 9 के विद्यार्थियों ने “राधा कैसे न जले” गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 7 एवं 9 के विद्यार्थियों की दांडिया प्रस्तुति ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। कार्यक्रम का समापन कक्षा 8 के विद्यार्थियों की “राधा गोरी गोरी” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ।
जन्माष्टमी महोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।



