अब रांची के आवारा कुत्तों पर लगेगा ब्रेक, बड़गाईं में बनेगा 50 केनल वाला ABC सेंटर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 02 सितंबर : राजधानी रांची में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और लगातार सामने आ रही डॉग बाइट की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। बरियातू के बड़गाईं क्षेत्र में 50 केनल क्षमता वाला पशु जन्म नियंत्रण (ABC) सेंटर बनाया जाएगा। वार्ड संख्या-4 में प्रस्तावित इस केंद्र के निर्माण के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य आवारा कुत्तों की आबादी को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से नियंत्रित करना है। प्रस्तावित केंद्र में कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण, उपचार और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के साथ-साथ रेबीज संक्रमण और डॉग बाइट की घटनाओं को कम करने की कोशिश होगी।

नसबंदी और टीकाकरण से आबादी पर लगेगा नियंत्रण

शहर के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लंबे समय से नगर निगम के लिए चुनौती बनी हुई है। खासकर रात के समय सड़कों और गलियों में कुत्तों के झुंड से लोगों को परेशानी होती है। कई इलाकों में डॉग बाइट की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

ABC सेंटर के जरिए पकड़े गए आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा। उपचार और आवश्यक देखभाल के बाद उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत वापस छोड़ा जाएगा। इससे कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के साथ रेबीज की रोकथाम में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम की यह योजना जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है, यह केंद्र के निर्माण और संचालन शुरू होने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू होने से शहरवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Share This Article