खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई : अजीत होटल में 30 किलो फफूंदयुक्त बूंदी लड्डू को कराया नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गम्हरिया में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में कमी और कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी नहीं मिले

सरायकेला, 01 सितंबर : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को गम्हरिया क्षेत्र स्थित अजीत होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल में करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंदयुक्त पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान होटल में स्वच्छता और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इसके अलावा प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए होटल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संचालक को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को भी निर्देश दिया है कि खाद्य पदार्थों के रखरखाव, प्रतिष्ठान की साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मियों के आवश्यक मेडिकल फिटनेस का अनुपालन सुनिश्चित करें।

Share This Article