दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया जारी
जमशेदपुर, 31 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा उनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को जिले में बनाए गए विभिन्न दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर, स्वर्णरेखा भवन मानगो, जेएनएसी तथा प्रखंड कार्यालय जमशेदपुर में बनाए गए सुनवाई स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह के अलावा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और सुनवाई की प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाम में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने अथवा अन्य आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।



