चांडिल में लचर बिजली व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान, निजी मिस्त्रियों के भरोसे आपूर्ति व्यवस्था

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 29 अगस्त : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की बदहाली से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। अनुमंडल मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों और चांडिल बाजार तक आए दिन बिजली की आंख-मिचौली और तकनीकी खराबियों से लोग जूझ रहे हैं। शिकायत के बाद समस्या का समाधान तो होता है, लेकिन इसके लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग में लाइनमैन की व्यवस्था होने के बावजूद शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अक्सर निजी मिस्त्रियों का सहारा लेना पड़ रहा है। घरेलू कनेक्शन के साथ-साथ संस्थानों की बिजली आपूर्ति में खराबी आने पर निजी मिस्त्री मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करते हैं। इसके एवज में उपभोक्ताओं से आर्थिक राशि लिए जाने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर विभागीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होती। कई बार शिकायत के बाद भी काफी देर तक बिजली बहाल नहीं हो पाती। ऐसे में मजबूर होकर लोगों को निजी मिस्त्रियों की मदद लेनी पड़ती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। कहीं तार टूटने, कहीं फ्यूज उड़ने तो कहीं अन्य तकनीकी खराबी के कारण बिजली घंटों बाधित रहती है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों और संस्थानों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए लाइनमैन की व्यवस्था की गई है, तो शिकायत मिलने के बाद वे मौके पर क्यों नहीं पहुंचते? क्या विभागीय व्यवस्था के बावजूद उपभोक्ताओं को निजी मिस्त्रियों पर निर्भर रहना पड़ेगा?

उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से चांडिल अनुमंडल में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करने, शिकायतों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निजी मिस्त्रियों के जरिए होने वाले कार्यों और कथित आर्थिक लेनदेन की जांच कराने की मांग की है।

Share This Article