जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 27 अगस्त : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति (DWSC) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन (JJM) एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जलापूर्ति योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता, संचालन एवं रख-रखाव तथा स्वच्छता गतिविधियों पर चर्चा की गई। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की ओर से आयोजित Departmental Summit के निर्देशों के आलोक में District Level Consultation से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

उपायुक्त ने पेयजल स्रोतों के दीर्घकालिक संरक्षण और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के सतत संचालन पर जोर दिया। उन्होंने विभाग एवं पंचायत स्तर की जिम्मेदारियों के साथ जनभागीदारी को बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

बैठक में ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने क्षेत्र स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में DWSC के सदस्यों के अलावा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर व आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा DPMU और BPMU के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article