होटल संचालक पर फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, देशी कट्टा और गोली बरामद
आदित्यपुर, 26 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में होटल संचालक पर जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गम्हरिया स्टेशन रोड साईं नगर निवासी विक्की कुमार पांडे (34) और खूंटी थाना क्षेत्र निवासी बजरंगी कुमार महतो (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 211/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 के मामले में दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक देशी कट्टा और एक गोली भी बरामद की है।
बताया गया कि 28 जुलाई की रात इस मामले के वादी विशाल गोराई अपना होटल बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास नामजद आरोपी विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से उनकी हत्या की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली विशाल गोराई की कमर के पास लगी, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में संलिप्त अन्य अपराधकर्मियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद होने के बाद पुलिस जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है।



