जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा आस्था का सैलाब, अमन और भाईचारे का दिया संदेश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा आस्था का सैलाब, अमन और भाईचारे का दिया संदेश

जमशेदपुर, 26 अगस्त : ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को जमशेदपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। मानगो के गांधी मैदान से निकले जुलूस में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में धार्मिक झंडे और जुबां पर नात-ए-पाक के साथ लोगों ने अमन, भाईचारे और शांति का संदेश दिया।

जुलूस-ए-मोहम्मदी मानगो गांधी मैदान से शुरू होकर शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरता हुआ धातकीडीह सेंटर मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। जुलूस में शहर की विभिन्न मस्जिदों के इमाम, उलेमा और मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।

जुलूस के रास्ते में जगह-जगह लोगों के लिए लंगर और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी। आयोजन के दौरान सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

धातकीडीह सेंटर मैदान में जुलूस के समापन के मौके पर झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान समेत कई धर्मगुरु मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में इस्तेमाई दुआ कराई गई और देश-दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की दुआ मांगी गई।

इस मौके पर हिदायतुल्ला खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद की पैदाइश के दिन ईद मिलाद-उन-नबी मनाया जाता है और इसी अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान बड़ी मात्रा में लंगर और खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी हर वर्ष व्यापक रूप ले रहा है और शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग इसमें शामिल होकर अमन, भाईचारे और शांति का संदेश दे रहे हैं।

Share This Article