खाद्य सुरक्षा और चीनी की कीमतों को लेकर पुरुलिया में छापेमारी, होटल व थोक दुकानों की जांच
पुरुलिया, 25 अगस्त : खाद्य सुरक्षा मानकों और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में गठित जिला टास्क फोर्स ने कई होटलों और चीनी के थोक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों के अनुपालन की जानकारी ली। इसके अलावा बाजार में चीनी की कीमतों में वृद्धि और इसकी बिक्री से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जांच की गई।
जिला प्रशासन की टीम ने होटल संचालकों और चीनी के थोक विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्क रहने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रशासन की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
अभियान के दौरान पुरुलिया के जिला प्रशासन के अलावा जिला पुलिस अधीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी, फूड सेफ्टी अधिकारी, कृषि अधिकारी और एग्री मार्केटिंग अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों और थोक विक्रेताओं में भी सतर्कता बढ़ गई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन अथवा बाजार व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।



