चौका थाना क्षेत्र के युवक का शव जंगल में फंदे से लटका मिला
ईचागढ़, 25 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना और चौका थाना क्षेत्र की सीमा पर काठघोड़ा स्थित लंबा डूंगरी जंगल से सोमवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई। इसके बाद ईचागढ़ पुलिस ने चौका थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर चौका थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पहचान की पुष्टि की।
दोनों थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि युवक रविवार से लापता था। उसके लापता होने के बाद परिजनों ने रविवार को ही चौका थाना में सनहा दर्ज कराया था। फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है।


