लक्ष्य से 76 यूनिट अधिक रक्त संग्रह, रक्तवीरों ने बढ़ाया सेवा का हाथ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

लक्ष्य से 76 यूनिट अधिक रक्त संग्रह, रक्तवीरों ने बढ़ाया सेवा का हाथ

जमशेदपुर, 24 अगस्त : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) की ओर से रविवार को स्वर्गीय रामेश्वर लाल अग्रवाल की स्मृति में 88वां विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड सेंटर में सुबह 7:30 बजे से शाम 7 बजे तक चले शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में निर्धारित 602 यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले कुल 678 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविर की सफलता पर मंडली के संरक्षक देवव्रत घोष ने सभी रक्तदाताओं, सदस्यों और जमशेदपुर ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और मंडली के सदस्य लगातार इस सेवा कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

शिविर के सफल आयोजन में अध्यक्ष राजेश चंचरा, उपाध्यक्ष सुबोध कुमार अग्रवाल, सचिव उज्ज्वल घोष, सह सचिव अतुल मुखर्जी, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा, सह कोषाध्यक्ष मिलन कांति सांत्रा समेत मंडली के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया।

मंडली की ओर से बताया गया कि वर्ष 2017 में स्थापित संस्था लगातार रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। 88वें शिविर में लक्ष्य से अधिक रक्त संग्रह होना संस्था के सदस्यों और रक्तदाताओं के सेवा भाव को दर्शाता है।

Share This Article