अवैध बालू पर प्रशासन का शिकंजा, अवैध रूप से भंडारित पांच हजार CFT बालू जंगल से जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध बालू पर प्रशासन का शिकंजा, अवैध रूप से भंडारित पांच हजार CFT बालू जंगल से जब्त

कुकडू, 21 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को कुकड़ू अंचल अधिकारी अभय कुमार दिर्वेदी और तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार के संयुक्त नेतृत्व में अवैध बालू के खिलाफ अभियान चलाया गया।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम जंगल में अवैध रूप से भंडारित करीब 5,000 CFT (घन फीट) बालू जब्त किया गया। कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन की टीम ने क्षेत्र में अवैध बालू के उत्खनन एवं भंडारण से संबंधित गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अवैध बालू उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा अवैध कारोबार सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article