आद्रा, बोकारो, पुरुलिया व चांडिल रेलवे स्टेशन का जीएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
चांडिल, 21 अगस्त : साउथ ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शुक्रवार को चांडिल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहुंचे महाप्रबंधक ने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रेलवे के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने सबसे पहले स्टेशन के प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, फुट ओवरब्रिज तथा स्टेशन परिसर में स्थापित लिफ्ट की स्थिति का मुआयना किया। उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति भी देखी गई। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के रखरखाव तथा यात्रियों की सुविधा को लेकर आवश्यक जानकारी ली और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना था। उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण कार्यक्रम आद्रा, बोकारो, पुरुलिया और चांडिल जंक्शन समेत विभिन्न स्टेशनों पर किया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
महाप्रबंधक के निरीक्षण को लेकर स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। रेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक को स्टेशन की मौजूदा व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।




